Friday, March 21, 2014

Narendra modi heard farmer problem

भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री प्रत्याशी नरेंद्र मोदी ने चाय चर्चा के दौरान गुरुवार को राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों के किसानों से सीधा संवाद किया। इस दौरान मोदी ने अन्नदाताओं से कुछ अपनी बात कही और कुछ उनकी सुनी। किसानों के दुख दर्द के साथ उनकी बदहाली के कारण भी जानें और निराकरण का आश्वासन भी दिया। संवाद के दौरान कहीं-कहीं किसान भावुक भी हो उठे।

सीतापुर के महमूदाबाद क्षेत्र में तीन ही जगह पर चाय चौपाल का आयोजन हुआ। बाराबंकी के रामनगर में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी किसानों से मुखातिब हुए। सुल्लतानपुर के जयसिंहपुर ब्लाक के बरौसा व दूबेपुर विकास खंड मुख्यालय में कार्यक्रम हुआ। चाय चौपाल के तीसरे चरण में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए किसानों से खेती-किसानी की समस्याओं पर विचार विमर्श किया।

अंबेडकरनगर में नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए किसानों से रूबरू हुए। आलापुर विधानसभा क्षेत्र के इंदईपुर बाजार व कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के केदारनगर बाजार में चौपाल आयोजित की गई। कांफ्रेंसिंग में मोदी ने आधुनिक खेती की आवश्यकता व उसे बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश व बिहार में गन्ना किसान सबसे ज्यादा परेशान है। सरकारी चीनी मिलों को पूंजीपतियों के हाथों बेच दिया गया।

गोंडा में कार्यक्रम के जरिए किसानों को सीधे मोदी से मुखातिब होने का सपना साकार नहीं हो सका। यहां वीडियो कांफ्रेसिंग संबधी तकनीकी दिक्कत के कारण यहां आए किसान टीवी के माध्यम से नरेंद्र मोदी की बात तो सुने, लेकिन बात नहीं कह सके। श्रावस्ती में जिला मुख्यालय भिनगा और इकौना में शाम चार से छह बजे कार्यक्रम हुआ।

वहीं लखीमपुर के नकहा पिपरी, रामापुर, फूलबेहड़ व सिसैया चौराहे पर किसान पंचायतें आयोजित की गईं, जिसमें किसानों ने नरेंद्र मोदी से सीधी वार्ता की। भाजपा के जिलाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि इन चारों पंचायतों में एलसीडी टीवी पर नरेंद्र मोदी ने मोबाइल फोन के माध्यम से किसानों से बातचीत की। बातचीत के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि उन्हें गन्ने का बकाया नहीं मिल रहा है। मिलों पर उनकी गाडिय़ां खड़ी हुई हैं। महंगाई के चलते जीवन यापन मुश्किल है। किसानों ने डीजल की बढ़ती दरों से होने वाली दिक्कतें उन्हें बताईं। इस पर नरेंद्र मोदी ने किसानों से उनकी समस्याओं का समाधान दिलाने की बात कही।

Labels: , , , , , ,

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home