Hi tech rath used by candidates in our rally
अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लेकर चुनावी वादे कर और विकास के इरादे जता वोटरों को लुभाने का दौर मतदान के दिन तक चलेगा। गांवों में बिजली दर्शन भले ही न होते हो परन्तु हाईटेक प्रचार रथों में लगे पावर बैकअप जनरेटर व इन्वर्टरों से विशेष लघु फिल्मों, वरिष्ठ नेताओं के भाषण और उन पर बनाए गए गीतों को दिखाया व सुनाया जायेगा। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए सीधे संवाद करने की सुविधा भी विशेष रथों पर होगी। चुनावी प्रचार में तकनीकी का इस्तेमाल अमेरिकन अंदाज में कर रही भाजपा ने अन्य प्रदेशों की तरह यूपी में भी 401 'मोदी रथ' प्रचार में उतारे हैं। पड़ोसी राज्य बिहार में 500 और मध्यप्रदेश में 543 रथ लगे है।
हर पल रहेगी नजर
प्रत्येक रथ में व्हीकल ट्रैकिंग डिवायस लगाया है। जिससे कौन सा रथ किस गांव में खड़ा है, चल रहा है या रुका हुआ है, इसकी पूरी जानकारी कंट्रोल रूम में होगी। भाजपा महामंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि रथ से संबंधित जानकारी गूगल मैप से रनिंग डिवायस पर दिखती रहेगी। रथों में नरेंद्र मोदी व राजनाथ सिंह के भाषणों की सीडी उपलब्ध होगी और चुनावों वादों वाला प्रचार होगा। मोदी से सीधे जुड़ने को एक फोन नम्बर भी दिया गया है। उस नंबर पर मिस काल कर मोदी से जुड़ा जा सकता है।
पढ़ें: मोदी के रथ को रोकने के लिए उतरेंगी प्रियंका?
सुझाव भी मांगेंगे
मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने के लिए स्थानीय समस्याएं एकत्रित कर विकास कराने को सुझाव भी मांगे जाएंगे। इसके लिए इंडिया 272+ एप्लिकेशन पर कोई भी अपने विचार भेज सकता है। इस एप्लिकेशन में वाट्सएप, ट्विटर व फेसबुक जैसे सोशल नेटवर्किंग साइट भी जोड़ा गया है। प्रवक्ता मनोज मिश्र के अनुसार, भाजपा का थीम सांग जगा दिया गुजरात को जिसने, देश जगाने वाला है। विजय पताका फहराकर वो दिल्ली आने वाला है। बेहद लोकप्रिय हो रहा है।
विकास के साथ सौहार्द का संदेश
हाइटेक रथों में समाजवादी पार्टी भी पीछे नहीं। पिछड़ी जातियों में विकास का संदेश देने और सरकार की उपलब्धियां बताने को गत 24 अक्टूबर से निकाली जा रही रथयात्राएं जारी है। कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के नेतृत्व में निकल रही यात्राओं का रुख प्रथम व द्वितीय चरण के मतदान वाले क्षेत्रों की ओर है। प्रचार रथ से नेताजी मुलायम सिंह व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाषणों की सीडी के साथ समाजवादी गानों की गूंज भी सुनाई देगी। समाजवादी व्यापार सभा द्वारा तैयार मुलायम संदेश रथ में सरकार के सामाजिक सौहार्द बढ़ाने के लिए फैसलों के सार्थक नतीजों को दर्शाया जाएगा। व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल का कहना है कि 56 इंच की एलसीडी स्क्रीन पर नेताजी के चुनिंदा भाषणों के अंशों के साथ ही सरकार की उपलब्धियां व रैलियों की झलक दिखेगी। रथ पर सपा का थीम सांग 'मन से हैं मुलायम, और इरादे लोहा हैं' भी गूंजेगा। उनका दावा है कि सुविख्यात कवि उदय प्रताप सिंह का लिखा और जावेद अली द्वारा गाया गीत लोगों को भा रहा है।
कांग्रेसी रथ मांग पर उपलब्ध
सपा और भाजपा की तरह कांग्रेस के प्रचार रथ भले ही न दौड़ रहे हों परन्तु पार्टी मुख्यालय में मौजूद पुराने रथ को चुनाव के लिए तैयार किया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री के मुताबिक रथ में स्वचालित मंच भी बना है। इसके जरिए नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया जा सकेगा। रथ से कांग्रेसी नीतियों और यूपीए सरकार की उपलब्धियों का आडियो-वीडियो प्रचार की सुविधा भी होगी। इस बार विधानसभा चुनाव में प्रचार रथ खूब दौड़ा लेकिन लोकसभा चुनाव में मांग के अनुसार प्रचार रथ उपलब्ध कराया जाएगा। दूसरी ओर प्रवक्ता अमरनाथ अग्रवाल का कहना है, जोनल स्तर से हाईटेक प्रचार अभियान केंद्रीय दफ्तर से मिले निर्देशों के अनुरूप चलेगा।
रालोद का प्रचार
चुनाव प्रचार में हाइटेक तकनीक का इस्तेमाल राष्ट्रीय लोकदल जैसी पार्टी भी कर रही है। प्रचार रथों से चौधरी चरण सिंह व अजित सिंह की नीतियों का प्रसार करने के अलावा हरित प्रदेश गठन का नारा भी बुलंद किया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष मुन्ना सिंह चौहान के मुताबिक प्रचार रथ के साथ सोशल मीडिया पर रालोद अपना दायरा बढ़ाने में जुटा है। यूथ इकाई के हाथ इसकी कमान है। युवा नेता सुनील रोहटा कहते है गांव तक स्मार्ट फोन पहुंच जाने से रालोद की हाईटेक प्रचार मुहिम तेज हुई है।
Source: Lok Sabha Election News 2014
Labels: Lok Sabha Election News 2014, Lok Sabha Election News India, Lok Sabha Elections 2014 Astrological Predictions, Lok Sabha Polls 2014
0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home