Thursday, March 27, 2014

LIVE Narendra Modi Criticises Congress Manifesto

लोहरदगा/सासाराम/ गया। बिहार के गया में नरेंद्र मोदी की रैली में हंगामा हो गया। मोदी को देखने के लिए लोगों की भीड़ बेकाबू हो गई। इस अफरा तफरी में कई लोगों को चोटें भी आई। स्थिति पर नियंत्रण के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। लोगों का आरोप हैं कि सुरक्षा इंतजाम पुख्ता नहीं थे इस लिए ऐसी घटना हुई।

यहां नक्सलियों की चेतावनी के बावजूद भारी संख्या में लोग मोदी को सुनने पहुंचे थे। पूरा मैदान लोगों से खचाखच भरा हुआ था। यहां मोदी को देखने-सुनने के लिए बड़ी तादाद में लोग जुटे हुए थे। नरेंद्र मोदी जैसे ही मंच पर पहुंचे उन्हें देखने के लिए रैली स्थल पर अव्यवस्था फैलनी शुरू हो गई। कुछ लोग मंच की ओर बढ़े, तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण कुछ ही देर में आमतौर पर मोदी की रैली में संयमित दिखने वाली यह भीड़ हुड़दंग पर उतर आई।

पुलिस को धकेलते हुए भीड़ मीडिया वाले सुरक्षित क्षेत्र की ओर बढ़ने लगी। पुलिस ने इस दौरान हल्का लाठीचार्ज किया, तो भीड़ ने पथराव कर दिया। लोगों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और बांस इधर-उधर फेंकने लगे। यह हंगामा जब हो रहा था मोदी मंच पर मौजूद सब देख रहे थे। उनके साथ मंच पर मौजूद सुशील मोदी लोगों से शांत होने की अपील करते रहे, लेकिन हुड़दंग जारी रहा। 20 मिनट बाद हालात काबू में आए। इसके बाद ही मोदी ने अपना भाषण शुरू किया।

अपने अंदाज में मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार पर हमला जारी रखा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को सिर्फ कुर्सी की चिंता है। ये लोग कुर्सी से चिपके रहना चाहते हैं लेकिन अब इन्हें उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।

मोदी ने कहा कि प्रदेश सरकार की अकर्मण्यता की वजह से गया में आतंकियों ने ब्लास्ट किए। इसका असर यहां के पर्यटन पर पड़ा है। जिसका खामियाजा इससे जुड़े लोगों को उठाना पड़ रहा है। मोदी ने कहा कि गया की भूमि तोड़ने की नहीं जोड़ने की है। विश्वविख्यात पर्यटक स्थल होने के बावजूद केंद्र और राज्य सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही।

इससे पहले सासाराम में एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को केंद्र के साथ प्रदेश सरकार पर भी जम कर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यहां से इतने बड़े बड़े नेता हुए हैं तब भी यह क्षेत्र इतना पिछड़ा है। लोकसभा की अध्यक्ष मीरा कुमार इसी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं लेकिन उनके पिता जगजीवन राम का सपना आज भी अधूरा है। मोदी ने कहा कि सभी समस्या का एक ही हल है : विकास। उन्होंने कहा कि सासाराम पर बड़े नेताओं का बोझ है।

मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते उन्हें बिहार के लिए ग्रहण करार दिया। मोदी ने कहा कि नीतीश बिहार के विकास में ग्रहण हैं। जब वे हट जाएंगे तो बिहार का विकास शुरू होगा। बिहार में बिजली की कमी पर भी कटाक्ष करते हुए मोदी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा और कहा कि अगर गुजरात में दो मिनट भी बिजली गुल हो जाती है तो खबर बन जाती है।

इसके अलावा मोदी ने केंद्र की यूपीए सरकार हमला करते हुए कहा कि दिल्ली की सरकार भरोसे लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस से संबंध विच्छेद करने का समय आ गया है। इससे पहले मोदी ने झारखंड में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि विकास का रास्ता बंदूक से नहीं, हल से आता है। भारत विजय रैली में मोदी ने झारखंड को लेकर पंडित जवाहर लाल नेहरू की सोच पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने झारखंड की मांग का मजाक उड़ाया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने कार्यकाल में झारखंड को बनवाया था। यदि वह नहीं होते तो झारखंड का जन्म नहीं होता, इसके लिए हमें वाजपेयी का आभारी होना चाहिए।

मोदी ने कांग्रेस के घोषणापत्र पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यह झूठ का पिटारा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में महंगाई और भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर पहुंच गया है, जिससे आज आम आदमी परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने पहले के चुनावी वादों को पूरा नहीं किया है। कांग्रेस ने झारखंड की संपदा को लूटा है, जिससे यहां का विकास अवरूद्ध हुआ है। कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया। अगर आदिवासियों का कोई भला कर सकती है तो वह भाजपा है।

उन्होंने अपने संबोधन में झारखंड के महापुरुषों का नाम लेते हुए इसे वीरों और बलिदानियों की भूमि कहा। यहां की खनिज संपदा की तारीफ की और कहा कि झारखंड अमीर है पर लोग गरीब हैं। नक्सली बंद पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि आज माओवादियों ने लोकतंत्र को ललकारा है। उन्होंने कहा कि विकास का रास्ता बंदूक से नहीं, हल से निकलता है।

Labels: , , , ,

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home