Tuesday, April 1, 2014

Riwa rally live modi attack on congress

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कहा कि चुनावी माहौल भांपकर कांग्रेस और थर्ड फ्रंट पार्टियों ने हार मान ली है। अब ये सब मिलकर अस्थिर सरकार की साजिश रच रहे हैं। इस साजिश को विफल करने के लिए उन्होंने मतदाताओं से एनडीए के पक्ष में यूपी में सभी 80 तथा देश में 300 से अधिक सीटें मांगीं।

बरेली, आंवला और पीलीभीत सीटों के भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में मंगलवार को यहां महानगर मैदान में आयोजित विशाल चुनाव रैली में मोदी करीब सवा दो घंटे विलंब से पहुंचे। इसके लिए माफी मांगने के बाद उन्होंने बेहद आक्रामक शैली में सोनिया गांधी, मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव पर प्रहार किए। करीब 30 मिनट के भाषण में उन्होंने यूपीए सरकार को हर मोर्चे पर नाकाम ठहराया।

लाल बहादुर शास्त्री के जय जवान-जय किसान नारे की याद दिलाते हुए अनाज के सड़ने और किसानों की खुदकुशी के मामले उठाए। पाक फौजियों द्वारा हिंदुस्तानी जवानों के सिर काटकर ले जाने की घटना को शर्मनाक बताते हुए केंद्र सरकार पर सोए होने का इल्जाम लगाया। कहा कि जवान सीमा पर कम और आतंकवादी घटनाओं में ज्यादा शहीद हो रहे हैं।

मोदी ने कांग्रेस के चुनाव घोषणा पत्र को 'धोखा पत्र' बताते हुए 2009 के घोषणा पत्र के बारे में लोगों से पूछा, बताओ-केंद्र सरकार ने कितनों को नौकरी दी। एक को भी नहीं। इस बार घोषणापत्र में फिर 10 करोड़ रोजगार देने का सफेद झूठ बोला है। कांग्रेस का घोषणापत्र धोखा है। सरकार में शामिल नेता मूर्ख बना रहे हैं। उनके लिए हर दिन अप्रैल फूल है। ऐसे लोगों से देश को बचाना पड़ेगा।

साठ साल तक शासक चुने हैं, एक बार सेवक को चुनना होगा। कांग्रेस को साठ साल दिए, मुझे साठ माह दें। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस हो या सपा-बसपा, सभी हार मान चुके हैं। उनका मकसद सरकार बनाना नहीं है। दूध से बने उत्पाद में नीबू डालकर खेल बिगाड़ने में लग गए हैं। वे देश में कमजोर सरकार बनवाने की साजिश कर रहे हैं। स्थिर सरकार होगी तो हिंदुस्तान की दुनियाभर में साख मजबूत होगी। इसलिए एनडीए को तीन सौ से ज्यादा सीटों पर जिताकर भेजना होगा।

उप्र से सारे सांसद हमारे हों, तो विश्वास दिलाता हूं, जनता जैसा चाहती है, वैसा होगा। किसानों और नौजवानों का भाग्य बदल दूंगा। इस रैली की धूप में आप लोगों का तपना बेकार नहीं जाएगा। उन्होंने बरेली के मांझे का गुजरात की पतंग से रिश्ता भी बताया। बरेली के प्रत्याशी संतोष गंगवार, आंवला के धर्मेद्र कश्यप और पीलीभीत की मेनका गांधी के समर्थन में आयोजित रैली को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी व महामंत्री स्वतंत्रदेव सिंह इत्यादि ने भी संबोधित किया।

बरेली के बाद रीवा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस पर अपरोक्ष रूप से हमला करते हुए निर्वाचन आयोग से अपील की कि उन्हें इसकी जांच करनी चाहिए कि उनके हेलिकॉप्टर को उड़ने से कौन रोक रहा है।

दरअसल, आज ही बरेली में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उड़ान की परमीशन न मिलने के चलते नरेंद्र मोदी का हेलिकॉप्टर करीब एक घंटे तक खड़ा रहा। महानगर मैदान में डेढ़ बजे रैली खत्म होने के बाद नरेंद्र मोदी रवाना हुए। लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देकर एयर ट्रैफिक कंट्रोल ऑफ इंडिया ने उनके हेलिकॉप्टर को उड़ान की इजाजत नहीं दी। इसके चलते करीब एक घंटे तक वे मैदान में ही रुके रहे।

अपराह्न 2.20 बजे के बाद उनके हेलिकॉप्टर को उड़ने की इजाजत मिली। इससे पूर्व बरेली आने के समय भी उनके हेलिकॉप्टर को करीब ढाई घंटे तक दिल्ली हवाई अड्डे पर रोके रखा गया।

Labels: , , , , ,

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home