Interesting contest will be seen in Delhi loksabha election
पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी संदीप दीक्षित जीत की हैट्रिक लगाने के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं तो भाजपा के महेश गिरी और आप प्रत्याशी व महात्मा गांधी के पौत्र राजमोहन गांधी पहली बार संसद पहुंचने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं। उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट पर और भी जोरदार घमासान है। दिल्ली के पुराने कांग्रेसी नेता जयप्रकाश अग्रवाल को इस बार भोजपुरी फिल्मों के गायक व अभिनेता मनोज तिवारी से कड़ी टक्कर मिलने का अनुमान है। भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे तिवारी धुआंधार चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इन दोनों नेताओं के बीच आप प्रत्याशी प्रोफेसर आनंद कुमार भी पहली बार अपनी सियासी किस्मत आजमा रहे हैं। उत्तर-पश्चिमी सीट पर भाजपा ने दलित नेता उदित राज को टिकट दिया है। कांग्रेस की ओर से केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ एक बार फिर यहां से सांसद बनने की जुगत में हैं। लेकिन इन दोनों प्रत्याशियों को अब आप की नेता व दिल्ली सरकार में मंत्री रहीं राखी बिड़ला की चुनौती से निपटना होगा। चांदनी चौक में कई दिग्गज चुनावी अखाड़े में हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. हर्षवर्धन दिल्ली की स्थानीय सियासत से निकलकर संसद पहुंचने की आस में यहां से चुनाव मैदान में उतरे हैं। दूसरी ओर देश के नामी वकील और केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल हैट्रिक बनाने के लिए यहां से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने पत्रकार आशुतोष को इस सीट से उम्मीदवार बनाया है।
नई दिल्ली में कांग्रेस महासचिव अजय माकन और मीनाक्षी लेखी के बीच मुकाबला हो रहा है। यहां आप के आशीष खेतान भी चुनाव मैदान में हैं। पश्चिम व दक्षिण दिल्ली संसदीय सीटों पर भी कड़ी टक्कर होगी। पश्चिम दिल्ली में कांग्रेस सांसद महाबल मिश्र की प्रतिष्ठा दांव पर है। उन्हें भाजपा के जाट नेता प्रवेश वर्मा और आप प्रत्याशी जरनैल सिंह से जोरदार चुनौती मिलने के कयास लगाए जा रहे हैं। उधर, दक्षिण दिल्ली में रमेश कुमार के बहाने कांग्रेस के चर्चित जाट नेता सज्जन कुमार की भी प्रतिष्ठा दांव पर है। इस सीट पर भाजपा की ओर से विधायक रमेश बिधूड़ी दूसरी बार अपनी सियासी किस्मत आजमाने उतरे हैं। आप ने यहां से देवेंद्र सहरावत को अपना प्रत्याशी बनाया है।
Labels: election news 2014, Lok Sabha Elections 2014, lok sabha elections 2014 dates, lok sabha elections 2014 schedule, News Headlines on Lok sabha Polls 2014, News Headlines on LS Polls 2014
0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home